खगड़िया ज़िले के गोगरी प्रखंड अंतर्गत मदारपुर पंचायत के गोविन्दपुर गाँव में प्रशासनिक लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। यहाँ नाले का पानी सड़क पर बह रहा है, जिसके कारण हुए गड्ढों में गिरकर आए दिन बाइक और ऑटो पलट रहे हैं।
इस जानलेवा स्थिति को देखते हुए, ग्राम कचहरी बोरना के सरपंच नवल किशोर सिंह ने गोगरी के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) को सीधा पत्र लिखा है। इस बात का पुख्ता प्रमाण संलग्न पत्र में मौजूद 'रिसीविंग' (Receiving Signature) है, जो यह साबित करता है कि BDO कार्यालय ने इस गंभीर शिकायत को आधिकारिक तौर पर स्वीकार कर लिया है। अब प्रशासन अपनी ज़िम्मेदारी से भाग नहीं सकता।
एक सन्दर्भ: हमारे पिछले लेख
आज हम उसी बहुचर्चित पत्र को सार्वजनिक कर रहे हैं। यह वही दस्तावेज़ है जिसे नवल किशोर सिंह ने लिखा था। अब यह महज़ एक शिकायत नहीं, बल्कि प्रशासन की जवाबदेही तय करने वाला एक पक्का सरकारी सबूत बन चुका है। BDO कार्यालय अब यह नहीं कह सकता कि उन्हें इस जानलेवा समस्या की जानकारी नहीं थी।
पत्र का मुख्य अंश:
पत्रांक: 82/26 दिनांक: 31.01.2026
सेवा में,
प्रखण्ड विकास पदाधिकारी महोदय,
गोगरी, खगड़िया
विषय: गोविन्दपुर गाँव में नाला का पानी रोड पर आने के संबंध में।
महाशय,
विनय पूर्वक कहना है कि मदारपुर पंचायत के गोविन्दपुर गाँव नाला का पानी रोड पर आ जाता है, जिससे महेशखूँट बाज़ार आने जाने में काफी परेशानी होती है। और रोड पर गड्ढा हो जाने के कारण कई बार बाईक एवं ऑटो वगैरह पलट कर गिर गया, जिससे लोगो का हाथ पांव भी टुट गया।
अतः श्री मान से निवेदन है कि इसे जाँच करवा कर अतिशीघ्र इसका निदान करवाने की कृपा करें।
आपका भवदीय,
नवल किशोर सिंह
सरपंच, ग्राम कचहरी बोरना
प्रशासन की जवाबदेही तय:
पत्र BDO कार्यालय में रिसीव करा दिया गया है और यह अब एक सरकारी रिकॉर्ड का हिस्सा है। अगर प्रखंड प्रशासन इस गंभीर समस्या पर जल्द संज्ञान लेकर सड़क की मरम्मत और जलजमाव का स्थायी समाधान नहीं करता है, तो आम जनता के अधिकारों के लिए RTI और जन-आंदोलन का अगला कदम उठाया जाएगा।